सिविल लाइन पुलिस की बड़ी कार्रवाई: भारी मात्रा में प्रतिबंधित फ्लेवर और हुक्का सामान जब्त, मुख्य संचालक विनोद ठाकुर की तलाश जारी
बिलासपुर, / बिलासपुर शहर में अवैध रूप से संचालित हो रहे हुक्काबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मैनेजर समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में हुक्काबार के संचालक को भी आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान हुक्काबार से बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित सामग्री जब्त की है।
जानकारी के अनुसार सिविल लाइन थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र में एक हुक्काबार का अवैध संचालन गुपचुप तरीके से किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर मौके पर दबिश दी, जहां से हुक्काबार के मैनेजर विक्रम ठाकुर, रितेश विश्वकर्मा और अरबाज खान को गिरफ्तार किया गया। जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि इस हुक्काबार का मुख्य संचालन विनोद ठाकुर द्वारा किया जा रहा था। पुलिस ने संचालक विनोद ठाकुर को भी इस प्रकरण में नामजद आरोपी बनाया है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने हुक्काबार के भीतर से चौंकाने वाला सामान बरामद किया है, जिसमें 6 हुक्का पॉट, 8 कोयला कोको जेल, 7 चिलम, पाइप, स्टेन, मोबाइल फोन और नकद राशि शामिल है। पुलिस की इस दबिश से मौके पर हड़कंप मच गया। फिलहाल पुलिस फरार संचालक की तलाश में जुटी हुई है, वहीं गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ विभिन्न प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत विधिवत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों के खिलाफ सख्त अभियान आगे भी जारी रहेगा।



