बिलासपुर। शहर के मंगला इलाके में रविवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया है। स्मार्ट रोड स्थित संजीवनी हॉस्पिटल के सामने एक तेज रफ्तार कार ने स्कूटी सवार 17 वर्षीय युवक को टक्कर मार दी। इस हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान अभिषेक नगर (मंगला) निवासी रुद्र प्रताप शर्मा (17 वर्ष) के रूप में हुई है। रविवार सुबह करीब 7:30 बजे विपरीत दिशा से आ रही कार (CG 10 BH 7752) ने रुद्र की स्कूटी (MP 18 S 0114) को सामने से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर वहां खड़ी एक स्कूली मिनी बस (CG 10 BN 8858) से जा टकराई, जिससे बस का अगला हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे के तुरंत बाद घायल रुद्र प्रताप को पहले सिम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए उसे अपोलो अस्पताल रेफर किया गया। यहाँ उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। घटना के बाद कार चालक और उसमें सवार अन्य लोग वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। हादसे का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें कार की तेज रफ्तार और लापरवाही स्पष्ट दिखाई दे रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



