बालोद। जिले के डौंडी स्थित बालक हायर सेकेंडरी स्कूल में पदस्थ पीटीआई शिक्षक नरेंद्र सिंह ठाकुर पर एक महिला के साथ अभद्रता करने और अश्लील प्रस्ताव देने का गंभीर आरोप सामने आया है। इस मामले में पीड़िता ने डौंडी थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, महिला अपने घर के पास से गुजर रही थी। इसी दौरान आरोपी शिक्षक नरेंद्र सिंह ठाकुर ने उसे ₹500 का नोट देकर संबंध बनाने का प्रस्ताव रखा। आरोप है कि उसने महिला के साथ अशोभनीय और अश्लील बातें भी कीं। घटना से आहत महिला ने तुरंत थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला कायम कर लिया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डौंडी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 75(1)(2) के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच तेजी से की जा रही है और जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी हो सकती है। बताया जा रहा है कि आरोपी शिक्षक पहले जिला खेल अधिकारी बालोद के पद पर भी कार्य कर चुका है, जिससे मामला और भी चर्चा में आ गया है। मोनिका ठाकुर एडिशनल एसपी ने कहा, फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है।



