रायगढ़ / रायपुर | शादियों और यात्रा के व्यस्त सीजन के बीच दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे SECR से होकर गुजरने वाले रेल यात्रियों को आगामी दिनों में असुविधा का सामना करना पड़ सकता है। रेलवे प्रशासन द्वारा झारसुगुड़ा और चांपा रेलखंड में अधोसंरचना विकास और तकनीकी आधुनिकीकरण के कार्यों के चलते 26 नवंबर से 18 दिसंबर तक कुल 23 दिनों का मेगा ब्लॉक लिया गया है। इस निर्णय के तहत विभिन्न तिथियों पर कुल 65 एक्सप्रेस और लोकल पैसेंजर ट्रेनों को रद्द किया गया है, जबकि कुछ गाड़ियों को गंतव्य से पहले समाप्त करने और मार्ग परिवर्तन कर चलाने की व्यवस्था की गई है।
रेलवे अधिकारियों से प्राप्त जानकारी के अनुसार झारसुगुड़ा पैसेंजर यार्ड में 27 नवंबर से 17 दिसंबर तक नॉन-इंटरलॉकिंग का कार्य किया जाएगा। इसके साथ ही बिलासपुर से झारसुगुड़ा के मध्य बन रही 206 किलोमीटर लंबी चौथी रेल लाइन परियोजना को चांपा स्टेशन से जोड़ने तथा चांपा-जांजगीर नैला सेक्शन में ऑटो सिग्नलिंग का कार्य भी निर्धारित किया गया है। इस तकनीकी ब्लॉक के कारण 7 से 18 दिसंबर तक कोरबा-रायपुर-कोरबा हसदेव एक्सप्रेस रायपुर स्टेशन तक नहीं जाएगी और इसका संचालन केवल कोरबा से बिलासपुर के बीच पैसेंजर ट्रेन के रूप में किया जाएगा।
लंबी दूरी की प्रभावित प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों में इतवारी-टाटानगर एक्सप्रेस 29 नवंबर तथा 1 से 16 दिसंबर तक रद्द रहेगी, वहीं टाटानगर-बिलासपुर 4, 5 और 7 से 15 दिसंबर तक तथा बिलासपुर-टाटानगर एक्सप्रेस 5, 6 और 8 से 16 दिसंबर तक नहीं चलेगी। हावड़ा-पुणे दुरंतो एक्सप्रेस 26 नवंबर के अलावा 3, 7, 12, 14, 15 और 16 दिसंबर को रद्द रहेगी, जबकि पुणे-हावड़ा दुरंतो 28 नवंबर तथा 5, 8, 14, 15, 16 और 17 दिसंबर को कैंसिल रहेगी। इसी प्रकार सांतरागाछी-पुणे और मालदा टाउन-सूरत एक्सप्रेस 5 व 12 दिसंबर को तथा वापसी में पुणे-सांतरागाछी और सूरत-मालदा टाउन एक्सप्रेस 7 व 14 दिसंबर को रद्द की गई है। कामाख्या-एलटीटी एक्सप्रेस 5 व 12 दिसंबर को और एलटीटी-कामाख्या 8 व 15 दिसंबर को नहीं चलेगी।
हटिया, दुर्ग, शालीमार और मुंबई मार्ग की अन्य प्रमुख गाड़ियों में हटिया-दुर्ग 8 व 10 दिसंबर, दुर्ग-हटिया 9 व 11 दिसंबर, हटिया-पुणे 7 व 11 दिसंबर तथा पुणे-हटिया एक्सप्रेस 9 व 13 दिसंबर को रद्द रहेगी। शालीमार-भुज 5 व 12 दिसंबर को और भुज-शालीमार 8 व 15 दिसंबर को कैंसिल रहेगी। एलटीटी-शालीमार एक्सप्रेस 9, 10 व 14 दिसंबर को तथा शालीमार-एलटीटी 11, 12 व 16 दिसंबर को नहीं चलेगी। बिहार और दक्षिण भारत की ओर जाने वाली गाड़ियों में चर्लपल्ली-दरभंगा 28 नवंबर तथा 5, 8 व 12 दिसंबर को और दरभंगा-चर्लपल्ली 1, 8, 11 व 15 दिसंबर को रद्द रहेगी। तिरुपति-रक्सौल एक्सप्रेस 7 व 14 दिसंबर को तथा रक्सौल-तिरुपति 10 व 17 दिसंबर को नहीं चलेगी।
इसके अतिरिक्त रानी कमलापति-सांतरागाछी हमसफर और सांतरागाछी-जबलपुर हमसफर 9 दिसंबर को तथा इनकी वापसी सेवाएं 10 दिसंबर को रद्द रहेंगी। गया-एलटीटी 9 व एलटीटी-गया 11 दिसंबर को, बिलासपुर-बक्सर 11 व बक्सर-बिलासपुर 12 दिसंबर को, हटिया-एलटीटी 11 व 12 दिसंबर तथा एलटीटी-हटिया 13 व 14 दिसंबर को नहीं चलेगी। हैदराबाद-रक्सौल 10 व रक्सौल-हैदराबाद 13 दिसंबर, पोरबंदर-सांतरागाछी 11 व सांतरागाछी-पोरबंदर 13 दिसंबर, वास्को द गामा-जसीडीह 11 व जसीडीह-वास्को द गामा 14 दिसंबर, उदयपुर-शालीमार 12 व शालीमार-उदयपुर 13 दिसंबर, ओखा-शालीमार 13 व शालीमार-ओखा 15 दिसंबर, हावड़ा-अहमदाबाद 14 व अहमदाबाद-हावड़ा 17 दिसंबर तथा नांदेड़-सांतरागाछी 14 व सांतरागाछी-नांदेड़ एक्सप्रेस 16 दिसंबर को रद्द रहेगी।
रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा और रायपुर के बीच रोजाना सफर करने वाले दैनिक यात्रियों पर भी इस ब्लॉक का सीधा असर पड़ेगा। रेलवे के शेड्यूल के मुताबिक बिलासपुर-रायगढ़ मेमू, रायपुर-गेवरारोड मेमू और रायपुर-कोरबा मेमू ट्रेनें 6 से 17 दिसंबर तक रद्द रहेंगी। वहीं वापसी दिशा में रायगढ़-बिलासपुर मेमू, गेवरारोड-रायपुर मेमू और कोरबा-रायपुर मेमू का परिचालन 7 से 18 दिसंबर तक बंद रहेगा। इसके अलावा बिलासपुर-गेवरारोड मेमू, बिलासपुर-कोरबा मेमू पैसेंजर और रायगढ़-बिलासपुर मेमू पैसेंजर भी 7 से 18 दिसंबर तक नहीं चलेंगी। रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे असुविधा से बचने के लिए यात्रा शुरू करने से पहले नेशनल ट्रेन इन्क्वायरी सिस्टम NTES या रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 के माध्यम से अपनी ट्रेन की ताजा स्थिति की पुष्टि अवश्य कर लें।



