छत्तीसगढ़ में होली पर हुड़दंग मचाने वालों की अब खैर नहीं। दुर्ग के वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन ने अनोखा ऐलान किया है। अगर होली के दिन कोई भी नशा कर हुड़दंग मचाते या महिलाओं से छेड़छाड़ करते दिखे, तो बस उसका वीडियो बनाकर विधायक कार्यालय भेज दीजिए। सही वीडियो भेजने वाले को विधायक की तरफ से 21 हजार रुपये का नकद इनाम मिलेगा। सूचना देने वाले का नाम पूरी तरह गुप्त रहेगा और हुड़दंगियों को सीधे जेल भेजा जाएगा।
सौम्या चौरसिया को मिली बड़ी राहत, हाईकोर्ट से जमानत मंजूर
“छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाला मामले में पूर्व मुख्यमंत्री की उपसचिव रही सौम्या चौरसिया को हाईकोर्ट से बड़ी राहत मिली है। जस्टिस अरविंद कुमार वर्मा की सिंगल बेंच ने सौम्या चौरसिया की जमानत याचिका मंजूर कर ली है। लंबे समय से न्यायिक हिरासत में बंद सौम्या ने ईडी और एसीबी की कार्रवाई को चुनौती दी थी। कोर्ट द्वारा फैसला सुरक्षित रखे जाने के बाद आज उनकी रिहाई का रास्ता साफ हो गया है।”
बिलासपुर में ब्राउन शुगर के साथ 3 तस्कर गिरफ्तार
न्यायधानी में ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत नशे के सौदागरों पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सकरी पुलिस ने प्रयागराज से ब्राउन शुगर और गांजा मंगाने वाले तीन युवकों को रंगे हाथों दबोचा है। पकड़े गए आरोपियों में चर्चित ‘थार कांड’ का आरोपी ईशांत मंडलोई भी शामिल है। पुलिस ने इनके पास से 840 मिलीग्राम ब्राउन शुगर और नशीला सामान जब्त किया है। नशे के इस अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की यह कार्रवाई अब और तेज होगी।
नक्सलियों का 46 लाख कैश बरामद
गरियाबंद के सांपसाटी जंगलों में पुलिस ने नक्सल नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। जिला पुलिस और डीआरजी की संयुक्त टीम ने नक्सलियों द्वारा जमीन में छिपाकर रखा गया भारी डम्प बरामद किया है। इस कार्रवाई में 46 लाख 31 हजार रुपये नकद, विस्फोटक, बंदूकें और भारी मात्रा में कारतूस जब्त किए गए हैं। सरेंडर कर चुके नक्सलियों की सूचना पर हुई इस कार्रवाई ने माओवादियों की बड़ी साजिश को पूरी तरह नाकाम कर दिया है।
दंतेश्वरी मंदिर का चोर गिरफ्तार!
बस्तर की आस्था के केंद्र मां दंतेश्वरी मंदिर में हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। ओडिशा से गिरफ्तार आरोपी मोनू यादव ने मंदिर की मूर्तियों से गहने चुराए थे, जो जांच में नकली निकले। सीसीटीवी और साइबर सेल की मदद से पकड़े गए इस शातिर चोर का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है और वह पहले भी गांजा तस्करी में जेल जा चुका है। पुलिस ने चोरी का सारा सामान बरामद कर आरोपी को सलाखों के पीछे भेज दिया है।”
अवैध रेत परिवहन पर बड़ी कार्रवाई, 14 हाईवा जब्त
जांजगीर जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर और एसपी के निर्देश पर संयुक्त टीम ने देर रात हाईवे पर दबिश देकर रेत से भरे 14 हाईवा वाहनों को जब्त किया है। प्रशासन ने अब अवैध खनन रोकने के लिए ग्राम निगरानी समितियों का भी गठन किया है। रेत माफियाओं के खिलाफ यह सख्त अभियान जिले में लगातार जारी रहेगा।”
होली से पहले किसानों को बड़ी सौगात
रायपुर. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज बिलासपुर जिले के बिल्हा विकासखण्ड के रहंगी में कृषक उन्नति योजना अंतर्गत आयोजित आदान सहायता राशि वितरण समारोह एवं वृहद किसान सम्मेलन में प्रदेश के 25.28 लाख किसानों के खातों में 10 हजार 324 करोड़ रुपए से अधिक की राशि का अंतरण किया. इनमें बिलासपुर जिले के 1 लाख 25 हजार 352 किसान शामिल हैं, जिनके खातों में 494.38 करोड़ रुपए की राशि अंतरित की गई.
मुंगेली कलेक्ट्रेट के खाते से 26 लाख की बड़ी धोखाधड़ी
मुंगेली. कलेक्ट्रेट मुंगेली के पर्यावरण अधोसंरचना विकास उपकर खाते से 26 लाख 87 हजार रुपये के अनधिकृत ट्रांजेक्शन मामले में अब बड़ा प्रशासनिक मोड़ आ गया है. ताज़ा अपडेट में कलेक्टर कुंदन कुमार ने स्वयं संज्ञान लेते हुए इसे बेहद गंभीर फाइनेंशियल फ्रॉड करार दिया है और स्पष्ट कहा है कि “यदि शासकीय खाते से एक सेकंड के लिए भी बिना खाताधारक की अनुमति के राशि निजी खाते में जाती है, तो वह गंभीर धोखाधड़ी की श्रेणी में आती है.” यह खाता सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, शाखा मुंगेली में संचालित था. मामले के सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने बैंक प्रबंधन से विस्तृत जवाब मांगा है.
कुनकुनी ओवरब्रिज के नीचे फिर पलटी गाड़ी!
कुनकुनी ओवरब्रिज के नीचे फिर पलटी गाड़ी!
रायगढ़ के खरसिया में नेशनल हाईवे 49 पर स्थित कुनकुनी रेलवे ओवरब्रिज अब ‘ब्लैक स्पॉट’ बनता जा रहा है। यहाँ एक बार फिर अनियंत्रित होकर एक वाहन पलट गया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया है। खराब सड़क और खतरनाक मोड़ के कारण यहाँ आए दिन हादसे हो रहे हैं। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से तत्काल संकेतक बोर्ड और स्पीड ब्रेकर लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में होने वाली जनहानि को रोका जा सके।”
मुख्य लिपिक मनोरमा बोहिदार की भावभीनी विदाई
मुख्य लिपिक मनोरमा बोहिदार की भावभीनी विदाई
रायगढ़ पुलिस कार्यालय में 31 वर्षों तक अपनी सेवाएं देने वाली मुख्य लिपिक मनोरमा बोहिदार आज सेवानिवृत्त हो गईं। इस अवसर पर आयोजित गरिमामय समारोह में एसएसपी शशि मोहन सिंह समेत समस्त स्टाफ ने उन्हें भावभीनी विदाई दी। साल 1995 से विभाग में समर्पित रहीं श्रीमती बोहिदार ने विभिन्न महत्वपूर्ण शाखाओं का कुशलतापूर्वक संचालन किया। उनकी कर्तव्यनिष्ठा और मिलनसार व्यक्तित्व की सराहना करते हुए अधिकारियों ने उन्हें सुखद और दीर्घायु जीवन की शुभकामनाएं दीं।



