Skip to content

दुष्कर्म केस में मिलीभगत पर महिला आरक्षक सस्पेंड, बड़ी कार्रवाई

1001497614 दुष्कर्म केस में मिलीभगत पर महिला आरक्षक सस्पेंड, बड़ी कार्रवाई

रायपुर में कमिश्नर प्रणाली लागू होने के बाद अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई तेज हो गई है। वहीं पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों पर भी कार्रवाई कर रहें है। शुक्रवार को काम में लापरवाही और गड़बड़ी करने पर महिला आरक्षक समेत एक अन्य पर कार्रवाई की गई। गंज थाना क्षेत्र में होटल, दुकानों, गुमठियों से अवैध वसूली के आरोप में आरक्षक केशव सिन्हा को तत्काल लाइन अटैच कर दिया गया है।

केशव सिन्हा पैसा वसूलने के लिए छोटे कारोबारियों को गैरकानूनी तरीके से पकड़ कर घंटो तक लाकअप में बंद कर रहा था। छोड़ने के लिए पैसा वसूल रहा था। वहीं दूसरे मामले में कबीर नगर थाना क्षेत्र में दर्ज दुष्कर्म और पाक्सो एक्ट के मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है। विवेचना कर रही महिला प्रधान आरक्षक चन्द्रकला साहू को आरोपित से मिलीभगत के आरोप में निलंबित कर दिया गया है।

आरक्षक चंद्रकला पर पैसे लेकर पीड़िता के बयान से छेड़छाड़ आरोप है। शुरुवाती जांच में गंभीर लापरवाही, स्वेच्छाचारिता और संदिग्ध आचरण सामने आया। आरोप है कि पीड़िता पर बयान बदलने का दबाव बनाया गया था। प्रारंभिक जांच रिपोर्ट को गंभीर मानते हुए कमिश्नर के आदेश पर डीसीपी पश्चिम संदीप पटेल ने निलंबन की कार्रवाई की।