Skip to content

बिजली दरों पर बड़ा अपडेट 17-18 फरवरी को जनसुनवाई, आयोग सुनेगा जनता की राय

1001549147 बिजली दरों पर बड़ा अपडेट 17-18 फरवरी को जनसुनवाई, आयोग सुनेगा जनता की राय

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत नियामक आयोग ने बिजली कंपनियों की ओर से प्रस्तुत याचिकाओं पर जनसुनवाई का शेड्यूल घोषित कर दिया है। आयोग के मुताबिक, छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत उत्पादन कंपनी लिमिटेड, छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत पारेषण कंपनी लिमिटेड, छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड और छत्तीसगढ़ राज्य भार पोषण केंद्र द्वारा दायर प्रस्तावों पर क्षेत्रीय स्तर पर दो दिवसीय ऑनलाइन जनसुनवाई आयोजित होगी।

इन याचिकाओं में वित्तीय वर्ष 2024-25 के ट्रूअप, वर्ष 2026-27 से 2029-30 तक की वार्षिक राजस्व आवश्यकता (ARR), टैरिफ निर्धारण तथा पूंजीगत निवेश योजना के अनुमोदन से जुड़े विषय शामिल हैं। आयोग ने बताया कि जनसुनवाई के दौरान उपभोक्ताओं और हितधारकों की राय भी दर्ज की जाएगी।

आयोग ने बताया कि याचिकाओं का सारांश पूर्व में समाचार पत्रों और आयोग की वेबसाइट www.cserc.gov. in पर प्रकाशित किया जा चुका है। इच्छुक उपभोक्ता और हितधारक निर्धारित तिथियों पर संबंधित क्षेत्रीय कार्यालयों के माध्यम से सुनवाई में भाग ले सकते हैं। निर्धारित कार्यक्रम के तहत 17 फरवरी को दुर्ग (प्रातः 10:30 से 12:00 बजे तक), बिलासपुर (दोपहर 12:00 से 01:30 बजे तक) और राजनांदगांव (दोपहर 03:00 से 04:30 बजे तक) में जनसुनवाई होगी।

वहीं 18 फरवरी को अंबिकापुर (प्रातः 10:30 से 12:00 बजे तक), जगदलपुर (दोपहर 12:00 से 01:30 बजे तक) और रायगढ़ (दोपहर 03:00 से 04:30 बजे तक) में जनसुनवाई आयोजित की जाएगी। आयोग ने उपभोक्ताओं, जन-प्रतिनिधियों और अन्य हितधारकों से जनसुनवाई में सक्रिय भागीदारी की अपील की है, ताकि टैरिफ निर्धारण प्रक्रिया में पारदर्शिता और सहभागिता सुनिश्चित की जा सके।