सरगुजा। जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र में स्थित SECL की अमेरा खदान से कोयले की बड़े पैमाने पर चोरी का मामला उजागर हुआ है। खदान परिसर से कोयला निकालते महिला, पुरुष एवं बच्चों का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद इलाके में हलचल बढ़ गई है।
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि बड़ी संख्या में ग्रामीण खदान क्षेत्र में प्रवेश कर खुलेआम कोयला एकत्र करते नजर आ रहे हैं। मिली जानकारी के अनुसार, प्रतिदिन 100 टन से ज्यादा कोयला अवैध रूप से निकाला जा रहा है, जिससे शासन को लाखों रुपए के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
खदान कर्मियों पर हमले की भी सूचना
बताया जा रहा है कि जब खदान कर्मी चोरी रोकने का प्रयास करते हैं तो ग्रामीणों द्वारा उन पर हमला किया जाता है। इससे खदान कर्मचारियों में दहशत का माहौल है। बताया जा रहा कि चोरी के कोयले को बाइक और छोटे वाहनों के माध्यम से आसपास के ईंट भट्ठों में सप्लाई किया जाता है। इस अवैध नेटवर्क में कई लोगों की संलिप्तता की आशंका जताई जा रही है।
SECL प्रबंधन और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों का आरोप है कि SECL प्रबंधन और प्रशासन की ओर से अब तक इस पर अंकुश लगाने के लिए कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। हालांकि पूर्व में पुलिस द्वारा कुछ ग्रामीणों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद कोयला चोरी थमने का नाम नहीं ले रही है। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर तरह-तरह के मीम और प्रतिक्रियाएं सामने आ रही है, जिससे प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।



