Skip to content

बिना टिकट यात्रा करने वाले 372 यात्रियों से वसूला भारी जुर्माना देखें आज की 10 बड़ी खबरें

1001600005 बिना टिकट यात्रा करने वाले 372 यात्रियों से वसूला भारी जुर्माना देखें आज की 10 बड़ी खबरें

“बिलासपुर रेलवे स्टेशन और बिलासपुर-चांपा रेलखंड के बीच बिना टिकट यात्रा करने वालों के खिलाफ रेलवे ने बड़ा अभियान चलाया है। वरिष्ठ रेल अधिकारियों के नेतृत्व में हुई इस सघन जांच में कुल 372 मामले पकड़े गए, जिनसे 2 लाख 19 हजार रुपये से ज्यादा का जुर्माना वसूला गया है। चेकिंग के दौरान 17 ट्रेनों की तलाशी ली गई, जिसमें अकेले बिना टिकट यात्रा के 303 मामले सामने आए। रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे हमेशा वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें।”

CG में ‘होलियाना’ जंग: बघेल के गीत पर विधायक अनुज का करारा पलटवार

“छत्तीसगढ़ की सियासत में होली से पहले ही ‘गीत-संगीत’ की जंग छिड़ गई है। पूर्व सीएम भूपेश बघेल के ‘मुसवा’ वाले तंज पर भाजपा विधायक और कलाकार अनुज शर्मा ने वीडियो शेयर कर पलटवार किया है। अनुज शर्मा ने अपने गीत के जरिए कांग्रेस पर निशाना साधते हुए साय सरकार की उपलब्धियों को गिनाया। सोशल मीडिया पर दोनों नेताओं के ये वीडियो जमकर वायरल हो रहे हैं और समर्थकों के बीच जुबानी कार्रवाई तेज हो गई है।

3 सूत्रीय मांगों को लेकर धरने पर बैठीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, उग्र आंदोलन की दी चेतावनी!

“बलौदाबाजार जिले में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं अपनी 3 सूत्रीय मांगों को लेकर दो दिवसीय धरने पर बैठ गई हैं। संघ ने सरकार से नियमितीकरण और वेतन वृद्धि की मांग करते हुए प्रदर्शन शुरू किया है। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने साड़ी खरीदी में भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए और मामले की जांच की मांग की। संघ ने दो टूक कहा है कि यदि मांगों पर जल्द ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो आने वाले समय में उग्र आंदोलन किया जाएगा।”

मंत्रियों के साथ सीएम साय ने देखी फिल्म ‘शतक’, संघ की 100 साल की यात्रा पर है आधारित!

“मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय गुरुवार शाम मंत्रिमंडल के सदस्यों के साथ रायपुर के जोरा मॉल पहुंचे, जहाँ उन्होंने फिल्म ‘शतक’ देखी। संघ की सौ वर्षों की यात्रा और विचारधारा पर आधारित इस फिल्म को देखने के लिए डिप्टी सीएम विजय शर्मा समेत कई कैबिनेट मंत्री और विधायक भी मौजूद रहे। फिल्म के जरिए संगठन के विकास और सामाजिक गतिविधियों को दर्शाया गया है। मुख्यमंत्री के मॉल पहुंचने पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे और आम दर्शकों में भी खासा उत्साह नजर आया।”

रायपुर को मिली गो-कार्टिंग की सौगात, डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने किया शुभारंभ!

“राजधानी रायपुर के अम्यूज ओ रामा में गो-कार्टिंग ट्रैक का औपचारिक शुभारंभ हो गया है। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने फीता काटकर इस नेशनल लेवल ट्रैक का उद्घाटन किया और इसे युवाओं के लिए खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने वाला कदम बताया। रेसिंग लेआउट पर तैयार यह ट्रैक करीब 800 मीटर लंबा है, जहाँ भविष्य में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताएं आयोजित करने की योजना है। अम्यूज ओ रामा अब एडवेंचर स्पोर्ट्स और पारिवारिक मनोरंजन का बड़ा केंद्र बनकर उभर रहा है।”

विधानसभा में गूंजा फार्म हाउसों में रेव पार्टियों का मुद्दा, गृहमंत्री ने सदन में रखा जवाब!

“छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र में आज रायपुर के फार्म हाउसों में होने वाली अवैध गतिविधियों और रेव पार्टियों का मुद्दा गूंजा। कांग्रेस विधायक चातुरी नंद के सवाल पर गृहमंत्री विजय शर्मा ने सदन में पिछले दो वर्षों में हुई पुलिस कार्रवाई का ब्योरा पेश किया। गृहमंत्री ने बताया कि पिरदा और वीआईपी रोड स्थित विभिन्न फार्म हाउसों में हुक्का पिलाने, जुआ खिलाने और गुंडागर्दी की शिकायतों पर सख्त एक्शन लिया गया है। सरकार ने स्पष्ट किया कि राजधानी के आसपास अवैध संचालन करने वालों के खिलाफ लगातार वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।”

एमपी के सीएम मोहन यादव पहुंचे रायपुर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और विमल चोपड़ा के साथ शादी में हुए शामिल!

“मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव एक निजी दौरे पर रायपुर पहुंचे, जहाँ उन्होंने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव के साथ पूर्व विधायक विमल चोपड़ा के सुपुत्र के विवाह समारोह में शिरकत की रायपुर के एक निजी मैरिज पैलेस में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने नवविवाहित दंपत्ति को आशीर्वाद दिया इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव और विमल चोपड़ा समेत अन्य जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया यह दौरा पूरी तरह निजी रहा, जिसके लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे

दिव्यांगों के लिए रोजगार का सुनहरा मौका: रायपुर में आज लगेगा प्लेसमेंट कैंप!

“रायपुर में मूकबधिर दिव्यांगजनों को रोजगार से जोड़ने के लिए आज एक विशेष प्लेसमेंट कैंप का आयोजन किया जा रहा है। सिविल लाइन स्थित विशेष रोजगार कार्यालय में सुबह 10 बजे से लगने वाले इस कैंप में वेयर हाउस हेल्पर के 20 पदों पर भर्ती होगी। चयनित युवाओं को फ्लिपकार्ट रायपुर में काम करने का अवसर मिलेगा और उन्हें 13,777 रुपये मासिक वेतन दिया जाएगा। 18 से 32 वर्ष के मूकबधिर पुरुष अभ्यर्थी अपने जरूरी दस्तावेजों के साथ इस कैंप में शामिल हो सकते हैं।”

नक्सल फ्रंट पर बंटी कांग्रेस! कवासी लखमा ने की सरकार की तारीफ, बैकफुट पर विपक्ष!

“छत्तीसगढ़ विधानसभा में नक्सलवाद के मुद्दे पर कांग्रेस घिरती नजर आ रही है। पूर्व मंत्री कवासी लखमा ने सदन में स्वीकार किया है कि बस्तर अब बदल रहा है और नक्सलवाद खात्मे की ओर है। लखमा द्वारा सरकार के काम को ‘पूरे नंबर’ देने और गृहमंत्री विजय शर्मा की तारीफ करने से कांग्रेस असहज हो गई है। जहाँ एक ओर लखमा बस्तर में शांति की बात कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर विपक्षी विधायक उन्हें ‘भोला’ बताकर मामले को संभालने की कोशिश कर रहे हैं। इस बयान ने सत्तापक्ष के नक्सल मुक्ति के संकल्प को और मजबूती दे दी है।”

सुशासन में लहरा रहा भगवा’, बिलासपुर पहुंचीं सीएम की पत्नी कौशल्या साय का बड़ा बयान!

“मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पत्नी कौशल्या साय आज न्यायधानी बिलासपुर के दौरे पर रहीं। इस दौरान उन्होंने राज्य सरकार के कामकाज पर संतोष जताते हुए कहा कि साय सरकार सही दिशा में आगे बढ़ रही है। कौशल्या साय ने कहा कि प्रदेश की सबसे बड़ी समस्या नक्सलवाद रही है, जिससे अब मुक्ति मिल रही है। उन्होंने दावा किया कि सुशासन के माहौल में धर्म के प्रति जागरूकता बढ़ी है और अब प्रदेश में जगह-जगह भगवा लहरा रहा है। उन्होंने बस्तर और जशपुर के विकास का जिक्र करते हुए उज्ज्वल भविष्य की उम्मीद जताई।”