Skip to content

CG News: जच्चा-बच्चा के नाम पर वसूली घूसखोर नर्सें सस्पेंड देखें आज की 10 बड़ी खबरें

1001596209 CG News: जच्चा-बच्चा के नाम पर वसूली घूसखोर नर्सें सस्पेंड देखें आज की 10 बड़ी खबरें

बिलासपुर जिला अस्पताल में इंसानियत को शर्मसार करने वाली हरकत सामने आई है। यहाँ दो नर्सों ने एक महिला के बच्चे को जन्म देने के बदले परिवार से ‘खर्चे’ के नाम पर रिश्वत मांगी। घरवालों ने जब नर्सों को घूस मांगते देखा, तो उनका वीडियो बना लिया। वीडियो इंटरनेट पर वायरल होते ही बड़े साहब ने तुरंत एक्शन लिया और दोनों नर्सों को सस्पेंड कर दिया है। याद रखें, सरकारी अस्पताल में जच्चा-बच्चा की मदद के नाम पर पैसे मांगना कानूनी अपराध है।

दिग्विजय सिंह का बयान BJP ने देश में जहर घोलने का काम किया

रायपुर पहुंचे दिग्विजय सिंह ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि BJP देश में नफरत का जहर घोल रही है। दिग्विजय ने आदिवासियों को देश का असली मूल निवासी बताया और कहा कि कांग्रेस हमेशा अहिंसा की समर्थक रही है। वहीं पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने भी केंद्र पर निशाना साधते हुए कहा कि अब देश के बड़े फैसले अमेरिका के इशारे पर हो रहे हैं।

नशे के सौदागरों पर शिकंजा, दो आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग जिले से जहाँ नशे के अवैध कारोबार पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। भिलाई भट्टी पुलिस ने घेराबंदी कर दो युवकों को 1650 नशीली गोलियों के साथ रंगे हाथों दबोचा है। जब्त की गई इन प्रतिबंधित दवाओं की कीमत करीब 6 लाख 80 हजार रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है और अब इनके पूरे नेटवर्क की तलाश की जा रही है।

शहर के विकास पर छिड़ी जंग, पार्षदों का हल्लाबोल

रायपुर जिले के आरंग से नगर पालिका में भारी हंगामा मचा हुआ है। बैठक न होने से नाराज कांग्रेस पार्षदों ने पालिका गेट पर धरना दे दिया है। पार्षदों का आरोप है कि पिछले 6 महीनों से बैठक नहीं बुलाकर शहर के विकास का गला घोंटा जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर 15 दिनों में मांगें पूरी नहीं हुईं, तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। वहीं प्रशासन का कहना है कि जल्द ही सामान्य सभा की बैठक बुलाई जाएगी और सभी शिकायतों पर कार्रवाई होगी।

परीक्षा की तारीखों के विरोध में घेराव, छात्र हित में उठी मांग

रायपुर जिले से  NSUI ने जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय का घेराव कर दिया है। 9वीं और 11वीं की वार्षिक परीक्षाओं का टाइम टेबल अचानक जारी होने से छात्र परेशान हैं। NSUI का आरोप है कि जल्दबाजी में परीक्षा तय कर छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ किया जा रहा है। उन्होंने होली के त्यौहार और बोर्ड परीक्षाओं का हवाला देते हुए परीक्षा की तारीखों को आगे बढ़ाने की मांग की है। संगठन ने चेतावनी दी है कि अगर समय नहीं दिया गया, तो विभाग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई और उग्र आंदोलन किया जाएगा।

बारातियों से भरी पिकअप पलटी, 35 लोग घायल

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले से  बारातियों से भरी एक पिकअप अनियंत्रित होकर खेत में जा पलटी। धरहर गांव के पास हुए इस भयानक हादसे में करीब 35 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से 4 की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है। चश्मदीदों के मुताबिक ड्राइवर शराब के नशे में था, जिसकी लापरवाही की वजह से यह हादसा हुआ। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है, जहाँ डॉक्टरों की टीम उनके इलाज और आगे की कार्रवाई में जुटी है।

अवैध प्लॉटिंग का बड़ा खेल, नियमों की उड़ी धज्जियां

रायगढ़ जिले से उर्दना तिराहे के पास अवैध प्लॉटिंग का बड़ा खेल सामने आया है। भू-माफियाओं ने बिना रेरा अनुमति के बीच सड़क बनाकर बेशकीमती जमीन टुकड़ों में बेच दी है। हद तो ये है कि शहर के कई इलाकों में सरकारी जमीनों पर भी कब्जा कर अवैध बस्तियां बसाई जा रही हैं। प्रशासन की नाक के नीचे चल रहे इस बेतरतीब विकास पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है, जिससे भू-माफियाओं के हौसले बुलंद हैं और आम लोग ठगी का शिकार हो रहे हैं।

नशे और सड़क हादसों पर पुलिस-प्रशासन का कड़ा पहरा!

रायगढ़ जिले से कलेक्टर और एसएसपी ने कानून व्यवस्था को लेकर संयुक्त समीक्षा बैठक की है। बैठक में नशा मुक्ति, ब्लैक स्पॉट सुधार और सड़क हादसों को रोकने के लिए 16 अहम बिंदुओं पर सख्त निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर ने मेडिकल स्टोर्स पर प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री रोकने और एसएसपी ने ब्लैक स्पॉट्स पर सुरक्षा बढ़ाने को कहा है। साथ ही होली पर्व को देखते हुए शांति समिति की बैठकें करने और अवैध उत्खनन पर सख्त कार्रवाई करने के आदेश जारी किए गए हैं।

राजस्व मामलों पर कलेक्टर सख्त, समय पर निराकरण के निर्देश!

रायगढ़ जिले कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने राजस्व कामकाज की गहन समीक्षा की है। कलेक्टर ने सख्त निर्देश दिए हैं कि अविवादित नामांतरण और बंटवारे जैसे मामलों को पंचायत स्तर पर ही निपटाया जाए, ताकि जनता को भटकना न पड़े। बैठक में बताया गया कि अब तक 8 हजार से ज्यादा प्रकरणों का निपटारा किया जा चुका है। साथ ही कलेक्टर ने लंबित मामलों को जल्द खत्म करने, समाधान शिविरों की तैयारी करने और होली से पहले शांति समिति की बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए हैं।

भाजपा का प्रशिक्षण महाअभियान शुरू, बजट पर दी प्रतिक्रिया!

रायपुर जिले से महाराष्ट्र दौरे से लौटे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव सिंह ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में जल्द ही कार्यकर्ताओं के लिए प्रशिक्षण महाअभियान शुरू होगा, जो मंडल स्तर तक चलेगा। प्रदेश अध्यक्ष ने राज्य सरकार के ‘संकल्प’ बजट की सराहना करते हुए इसे विकास की गति देने वाला बताया। वहीं राज्यसभा प्रत्याशी के सवाल पर उन्होंने कहा कि सही समय पर नाम सबके सामने आ जाएगा। अब पार्टी संगठन को और मजबूत करने के लिए जमीनी स्तर पर कार्रवाई तेज करेगी।