Skip to content

सभी शराब दुकानें बंद रहेंगी, इतने दिनों तक नहीं होगी बिक्री

1001545922 सभी शराब दुकानें बंद रहेंगी, इतने दिनों तक नहीं होगी बिक्री

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के लोकप्रिय पर्यटन स्थल मैनपाट में 13 से 15 फरवरी तक प्रस्तावित मैनपाट महोत्सव को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। कानून व्यवस्था और लोक शांति बनाए रखने के मद्देनजर कलेक्टर अजीत वसंत ने तीन दिनों तक क्षेत्र की शराब दुकानें बंद रखने के निर्देश जारी किए हैं।

जिला प्रशासन द्वारा जारी आदेश के मुताबिक, छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 24 की उपधारा (1) के तहत प्राप्त अधिकारों का उपयोग करते हुए 13, 14 और 15 फरवरी को रोपाखार मैनपाट में संचालित एफएल-1 घघ कम्पोजिट विदेशी मदिरा दुकान को पूर्णतः बंद रखा जाएगा। इस दौरान शुष्क दिवस घोषित करते हुए मदिरा के विक्रय, परिवहन और परोसने पर पूरी तरह रोक रहेगी।

कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

सीएम साय करेंगे शुभारंभ
छत्तीसगढ़ का ‘शिमला’ और ‘छोटा तिब्बत’ कहे जाने वाले मैनपाट में यह महोत्सव रोपाखार जलाशय के समीप आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय महोत्सव का शुभारंभ करेंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल करेंगे। राज्य शासन के पर्यटन एवं संस्कृति विभाग तथा जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस तीन दिवसीय महोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रम, स्थानीय कला-संस्कृति की प्रस्तुति और पर्यटन को बढ़ावा देने से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। प्रशासन ने महोत्सव को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक तैयारियां की हैं।

मेला, फूड जोन, बोटिंग रहेंगे मुख्य आकर्षण
महोत्सव के दौरान ओपन कुश्ती दंगल प्रतियोगिता का आयोजन होगा। महोत्सव स्थल पर विशाल मेला लोगों को अपनी ओर आकर्षित करेगा, वहीं फूड जोन की भी उत्तम व्यवस्था होगी। इस दौरान रोपाखार जलाशय में बोटिंग की भी व्यवस्था की गई है। वहीं इस दौरान फैंसी पतंग उत्सव का भी आयोजन किया जाएगा।

विभागीय स्टॉल में दिखेगी विकास की झलक
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित विभागीय स्टॉल भी लगाए जाएंगे। जिसमें पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, नगरीय प्रशासन विभाग, वन विभाग, आदिम जाति कल्याण विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, कृषि विभाग, जेल विभाग, रेशम विभाग, समाज कल्याण विभाग, हस्तशिल्प विकास बोर्ड, स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल शामिल है।