Skip to content

सरकार का बड़ा फैसला: कर्मचारियों को मिलेगी बेहतर बैंकिंग सुविधा नई MoU नई

1001545811 सरकार का बड़ा फैसला: कर्मचारियों को मिलेगी बेहतर बैंकिंग सुविधा नई MoU नई

रायपुर: छत्तीसगढ़ सरकार ने अपने नियमित कर्मचारियों को बेहतर और आकर्षक बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक अहम कदम उठाया है। इसी कड़ी में बैंक ऑफ महाराष्ट्र के साथ एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए हैं। इस करार के तहत बैंक में वेतन खाता रखने वाले कर्मचारियों को ‘गवर्नमेंट प्राइड सैलरी सेविंग स्कीम’ के माध्यम से उन्नत निःशुल्क सुविधाएं और बीमा कवर का लाभ मिलेगा।

समझौते के मुताबिक, खाताधारक कर्मचारियों को व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा के तहत 1.25 करोड़ रुपये तक, हवाई दुर्घटना बीमा में 1 करोड़ रुपये तक तथा स्थायी पूर्ण विकलांगता कवर में 1.25 करोड़ रुपये तक का संरक्षण प्रदान किया जाएगा। वहीं टर्म इंश्योरेंस के रूप में 10 लाख रुपये तक का लाभ भी शामिल है।


इसके अतिरिक्त, गोल्डन आवर सुविधा के अंतर्गत 1 लाख रुपये तक कैशलेस उपचार, बालिका विवाह लाभ में 10 लाख रुपये तक तथा बच्चों की उच्च शिक्षा के लिए 10 लाख रुपये तक की सहायता का प्रावधान किया गया है। यह पहल कर्मचारियों के लिए आर्थिक सुरक्षा और सुविधाओं को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

कम कीमत पर उपलब्ध होंगी अतिरिक्त सुविधाएं (CG Govt Employees News)

इसके अलावा वेतन खाताधारक कर्मचारियों को कई अन्य आकर्षक बैंकिंग सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी। स्वास्थ्य बीमा पर टॉप-अप जैसी वैकल्पिक सुविधाएं रियायती दरों पर उपलब्ध कराए जाने का प्रावधान रखा गया है, जिससे कर्मचारियों को अतिरिक्त आर्थिक सुरक्षा मिल सके।

यह समझौता ज्ञापन 10 फरवरी 2026 को छत्तीसगढ़ शासन के वित्त विभाग के विशेष सचिव शीतल शाश्वत वर्मा तथा बैंक ऑफ महाराष्ट्र, रायपुर अंचल के अंचल प्रबंधक वी. वेंकटेश की उपस्थिति में संपन्न हुआ। राज्य सरकार की यह पहल नियमित कर्मचारियों को अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक और लाभकारी बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।