Skip to content

CG News आधी रात सड़कों पर उतरी पुलिस की फौज, नशे के अड्डों पर ताबड़तोड़ दबिश

1769547419970 scaled CG News आधी रात सड़कों पर उतरी पुलिस की फौज, नशे के अड्डों पर ताबड़तोड़ दबिश

रायपुर। पुलिस कमिश्नरेट रायपुर (मध्य जोन) में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से पैदल पेट्रोलिंग एवं संदिग्ध चेकिंग अभियान चलाया गया। असामाजिक तत्वों और संदिग्ध व्यक्तियों के विरुद्ध चलाए गए इस विशेष अभियान में मध्य जोन के आधा दर्जन से अधिक संवेदनशील इलाकों में सघन कार्रवाई की गई।

यह विजिबल पुलिसिंग अभियान पुलिस कमिश्नरेट प्रणाली के प्रभावी क्रियान्वयन के तहत संचालित किया गया, जिसका नेतृत्व एडिशनल डीसीपी तारकेश्वर पटेल ने किया। अभियान के दौरान एसीपी सिविल लाइन रमाकांत साहू, थाना प्रभारी तेलीबांधा, सिविल लाइन सहित करीब 35 अधिकारी और जवान शामिल रहे।

पुलिस टीम ने देवार पारा, तेलीबांधा बीएसयूपी कॉलोनी, श्याम नगर, मरीन ड्राइव समेत अन्य इलाकों में पैदल मार्च कर चेकिंग की। इस दौरान संदिग्ध क्षेत्रों से अवैध मादक पदार्थ गांजा और शराब की बोतलें सहित बड़ी मात्रा में नशीली सामग्री बरामद की गई।

पेट्रोलिंग के दौरान सड़क किनारे दुकान लगाने वालों को यातायात बाधित न करने और नियमों का पालन करने की समझाइश दी गई। अड्डेबाजों और संदिग्ध व्यक्तियों की सघन चेकिंग की गई, वहीं बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों को थाने भेजा गया।

इसके अलावा शराब भट्टियों के आसपास विशेष निगरानी रखी गई और चाकूबाजी करने वालों एवं अन्य असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी गई। दुकानों के बाहर अव्यवस्थित रूप से रखे गए सामान को हटवाकर व्यवस्थित रखने के निर्देश भी दिए गए। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य क्षेत्र में कानून-व्यवस्था मजबूत करना और आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना है।