रायपुर : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पुलिस ने “ऑपरेशन निश्चय” के तहत नशे के सौदागरों पर बड़ी स्ट्राइक की है। महासमुंद की नाकेबंदी तोड़कर फिल्मी स्टाइल में भाग रहे अंतर्राज्यीय गांजा तस्करों को विधानसभा पुलिस ने आमासिवनी रिंग रोड पर घेराबंदी कर दबोच लिया है। आरोपियों के पास से करीब 17.50 लाख रुपये का गांजा बरामद किया गया है।
पूरी घटना किसी एक्शन फिल्म जैसी रही। 25 जनवरी को पुलिस को सूचना मिली थी कि महासमुंद की तरफ से एक कार (MH 46 CV 2841) गांजा लेकर रायपुर की ओर आ रही है।तस्करों ने पहले महासमुंद पुलिस की_नाकेबंदी तोड़ी और जब रायपुर पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की, तो बेखौफ तस्करों ने पुलिस की गाड़ी को ही टक्कर मार दी। हालांकि, मुस्तैद जवानों ने घेराबंदी कर कार को रोक लिया और दो आरोपियों को हिरासत में लिया।
कार की तलाशी लेने पर पुलिस को बोरियों में भरा 35 किलो गांजा मिला। पकड़े गए आरोपियों की पहचान राकेश कुमार गुप्ता (ठाणे) और अमित सिंह (रायगढ़, महाराष्ट्र) के रूप में हुई है। पुलिस ने गांजे के साथ तस्करी में इस्तेमाल कार और मोबाइल भी जब्त कर लिए हैं, जिसकी कुल कीमत करीब 24.70 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ नारकोटिक्स एक्ट और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुँचाने की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।



