रायगढ़ जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कुपाकानी स्थिति शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में ‘सरस्वती साइकिल योजना’ के तहत छात्राओं को वितरित की जा रही साइकिलों की गुणवत्ता को लेकर विरोध का मामला सामने आया है। मौके पर पहुँची लैलूंगा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रवि भगत को हिरासत में लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुपाकानी स्कूल परिसर में वितरण के लिए साइकिलें लाई गई थीं। इस दौरान रवि भगत अपने साथियों के साथ मौके पर पहुँचे और साइकिलों के पुर्जों की गुणवत्ता को लेकर अपना विरोध दर्ज कराया। उन्होंने मौके पर उपस्थित अधिकारियों से योजना की पारदर्शिता बनाए रखने और गुणवत्ता की जाँच कराने का आग्रह किया
विरोध और हंगामे की स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन को सूचित किया गया। लैलूंगा थाना पुलिस ने मौके पर पहुँचकर स्थिति को शांत कराया और प्रक्रिया के तहत रवि भगत को हिरासत में ले लिया।
घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर भी सामने आया है, जिसमें स्थानीय नागरिक साइकिलों के निर्माण स्तर को लेकर अपनी चिंता जताते दिख रहे हैं। फिलहाल प्रशासनिक स्तर पर मामले की जानकारी ली जा रही है।
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। वीडियो में लैलूंगा के कुपाकानी स्कूल में बांटी जा रही साइकिलों की गुणवत्ता को खराब बताते हुए जमकर विरोध जताते देखा जा सकता है।



