बिलासपुर। बिलासपुर रेलवे स्टेशन के पास एक बड़ा हादसा सामने आया है, जहाँ एक मालगाड़ी का वैगन पटरी से उतर गया (डिरेल हो गया)। यह घटना बिलासपुर के शंकर नगर आरओबी (ओवरब्रिज) के नीचे स्थित रेलवे यार्ड में हुई है। इस हादसे के कारण डाउन लाइन पर ट्रेनों की आवाजाही पूरी तरह से प्रभावित हो गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, यह मालगाड़ी बिलासपुर से कोरबा की तरफ जा रही थी। यह मालगाड़ी पूरी तरह से खाली थी, जिसे कोयला लोड करने के लिए कोरबा जाना था। बिलासपुर स्टेशन से रवाना होने के कुछ ही देर बाद शंकर नगर ओवरब्रिज के पास मालगाड़ी का एक वैगन पटरी से नीचे उतर गया, जिसके चलते डाउन लाइन पर ट्रेनों का परिचालन बाधित हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के इंजीनियर्स और तकनीकी विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई है। राहत और बचाव कार्य तेजी से शुरू कर दिया गया है। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, हावड़ा-मुंबई मेन रूट की अन्य लाइनें पूरी तरह चालू हैं और वहां से ट्रेनों को निकाला जा रहा है। पटरी को साफ करने और डिरेल हुए वैगन को हटाने का काम जारी है, ताकि डाउन लाइन पर भी ट्रैफिक को जल्द से जल्द बहाल किया जा सके। फिलहाल हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।



