विद्यालय विकास में सहयोग देने वाले समाजसेवियों का किया गया सम्मान, 200 विद्यार्थियों को स्टेशनरी व एग्जाम पैड वितरित
बिल्हा। बिल्हा विकासखंड के अंतर्गत आने वाले प्राथमिक शाला धौराभाटा में विद्यालय के विकास में सहयोग देने वाले दानदाताओं के सम्मान में एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाजसेवियों द्वारा बच्चों के लिए उपलब्ध कराई गई विभिन्न शैक्षणिक सामग्रियों की सराहना करते हुए उन्हें सम्मान पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया।

विद्यालय को विभिन्न सामग्री प्रदान करने वालों में दिनेश साहू (रायपुर) द्वारा 12 नग स्टील कुर्सी, 5 टेबल, 6 ग्रीन बोर्ड, एक बुक शेल्फ तथा 200 सेट बैग, स्वेटर, जूते, मोज़े, टाई और बेल्ट उपलब्ध कराए गए। वहीं गौरव अग्रवाल (बिल्हा) द्वारा 200 बच्चों के लिए एग्जाम पैड, कॉपी और स्टेशनरी किट प्रदान की गई। इसके अलावा शिव यादव (पूर्व सरपंच, धौराभाटा) ने विद्यालय को 6 सिलिंग फैन भेंट किए तथा योगेश पांडेय (शिक्षक, बिल्हा) ने विद्यालय को प्रोजेक्टर प्रदान किया।
कार्यक्रम में मुख्य कार्यपालन अधिकारी संदीप अग्रवाल (आईएएस) ने सभी दानदाताओं को सम्मान पत्र देकर सम्मानित किया और उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि जिले में कुछ ही विद्यालय ऐसे हैं जो इतने संसाधनों से संपन्न हैं। इन संसाधनों का उचित उपयोग कर बच्चों की शैक्षणिक प्रगति को और बेहतर बनाने का आह्वान भी किया।
कार्यक्रम की शुरुआत संकुल प्राचार्य अजय नाथ के स्वागत उद्बोधन से हुई। विकासखंड शिक्षा अधिकारी भूपेन्द्र कौशिक ने विद्यालय के इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे प्रेरणादायी बताया। डॉ. अखिलेश तिवारी ने सभी दानदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए शिक्षकों के प्रयासों को अनुकरणीय बताया। वहीं जिला शिक्षा अधिकारी विजय टांडे ने विद्यालय की इस पहल को सामुदायिक सहभागिता का उत्कृष्ट उदाहरण बताते हुए इसे अन्य विद्यालयों तक विस्तारित करने की बात कही।
कार्यक्रम में सरपंच जीवन यादव ने विद्यालय को हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम का संचालन और विद्यालय की प्रधान पाठक प्रतिभा अवस्थी ने किया। उन्होंने विद्यालय के लिए संसाधन जुटाने में आई चुनौतियों से अवगत कराते हुए विद्यालय की आवश्यकताओं को लेकर जिला पंचायत के सीईओ को मांग पत्र भी सौंपा।
इस अवसर पर 200 विद्यार्थियों को एग्जाम पैड और स्टेशनरी किट वितरित की गई। बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षिका विद्या नायर, सुमित्रा, शशि, रेखा, अंजना और सुप्रिया, विद्या नायर, सुमित्रा मिंज, लेखा चौधरी, अंजना बखला और सुप्रिया डबली का विशेष योगदान रहा।



