Skip to content

48 घंटे में डबल चोरी का खुलासा चक्रधरनगर पुलिस ने महिला समेत 4 आरोपियों को दबोचा

1002185613 scaled 48 घंटे में डबल चोरी का खुलासा चक्रधरनगर पुलिस ने महिला समेत 4 आरोपियों को दबोचा

रायगढ़ । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन तथा एडिशनल एसपी श्री अनिल सोनी एवं एसडीओपी खरसिया श्री सतीश भार्गव के मार्गदर्शन में रायगढ़ पुलिस लगातार संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में थाना चक्रधरनगर पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर दो अलग-अलग चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए एक महिला सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में थाना क्षेत्र का निगरानी बदमाश शिव सारथी उर्फ शिवा सारथी भी शामिल है। आरोपियों ने चोरी से पहले इलाके की रेकी कर वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹63,700 नगद, सोने का टॉप्स, पीतल का लोटा, रेंजर साइकिल, चोरी में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल, लोहे की रॉड एवं अन्य सामान सहित करीब ₹2 लाख की मशरूका बरामद की है। उल्लेखनीय है कि पिछले दो दिनों में रायगढ़ पुलिस ने चोरी के पांच मामलों का सफल खुलासा किया है।

पहली घटना सूर्या बिहार, कौहाकुण्डा स्थित प्रोफेसर सरोज कुमार चंद्रा के मकान की है, जहां घर के पोर्च में खड़ी बच्चे की जीके हैशटैग कंपनी की रेंजर साइकिल चोरी कर ली गई थी। रिपोर्ट पर थाना चक्रधरनगर में अपराध क्रमांक 386/2026 धारा 305(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

दूसरी घटना दीनदयालपुरम कॉलोनी फेस-1 की है, जहां सूने मकान का ताला तोड़कर अलमारी से ₹70 हजार नकद, सोने का टॉप्स एवं पीतल का छोटा लोटा चोरी कर लिया गया था। गृहस्वामिनी श्रीमती सेवती पटेल अपनी सास के निधन के कारण बरमकेला गई थीं। लौटने पर मकान का ताला टूटा मिला और चोरी का पता चला। मामले में थाना चक्रधरनगर में अपराध क्रमांक 387/2026 धारा 331(4), 305(ए), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।

थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया तथा आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में एक संदिग्ध महिला एवं पुरुष दिखाई दिए, जिनकी पहचान मुखबिरों की सहायता से शिवा सारथी एवं उसकी पत्नी पिंकी सारथी के रूप में हुई। इसी दौरान सूचना मिली कि एक युवक चोरी का सोने का टॉप्स बेचने के लिए शहर की ज्वेलरी दुकानों के चक्कर लगा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर शिवा सारथी को हिरासत में लिया।

पूछताछ में शिवा ने खुलासा किया कि उसने अपने साथी कुश केरकेट्टा के साथ दिन में सूर्या बिहार से रेंजर साइकिल चोरी की थी। उसी रात पत्नी पिंकी सारथी एवं साथी प्रभात राय उर्फ सोनू बंगाली के साथ दीनदयालपुरम कॉलोनी पहुंचकर सूने मकान का ताला लोहे की रॉड से तोड़ा और अलमारी से नकदी व जेवर चोरी कर लिए। चोरी की रकम का आपस में बंटवारा कर लिया गया तथा शेष राशि शराब एवं अन्य खर्चों में उड़ा दी।

आरोपियों के मेमोरेंडम के आधार पर पुलिस ने शिवा सारथी से ₹25,000 नगद एवं चोरी की रेंजर साइकिल, पिंकी सारथी से ₹8,700 नगद, सोने का टॉप्स एवं पीतल का लोटा, प्रभात राय उर्फ सोनू बंगाली से ₹30,000 नगद तथा घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (CG 13 BF 7763) और कुश केरकेट्टा से साइकिल चोरी में प्रयुक्त CD 100 SS मोटरसाइकिल बरामद की। साथ ही वारदात में प्रयुक्त लोहे की रॉड एवं अन्य साक्ष्य भी जब्त किए गए। प्रकरण में धारा 3(5) बीएनएस भी जोड़ी गई है।

गिरफ्तार आरोपियों में शिव सारथी उर्फ शिवा सारथी, पिंकी सारथी उर्फ पिंकी चौहान उर्फ मनीषा, प्रभात राय उर्फ सोनू बंगाली तथा कुश केरकेट्टा शामिल हैं। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का संदेश

रायगढ़ पुलिस संपत्ति संबंधी अपराधों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रही है। चोरी की प्रत्येक घटना का वैज्ञानिक एवं तकनीकी आधार पर त्वरित खुलासा कर आरोपियों को कानून के दायरे में लाया जा रहा है। अपराधियों के लिए जिले में कोई सुरक्षित ठिकाना नहीं है। नागरिक भी संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश मिश्रा, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक सिद्धांत येरेवार, पीएसआई मनीषा धुर्वे, प्रधान आरक्षक संजय तिवारी, दिलीप भानु, बालचंद राव, जेनिपा पन्ना तथा आरक्षक अभिषेक द्विवेदी, चंद्र कुमार बंजारे, जितेंद्र कुर्रे, मिकेतन पटेल एवं विक्रम सिंह की सराहनीय भूमिका रही।

गिरफ्तार आरोपी
(1) शिव सारथी उर्फ शिवा  पिता स्व० सालिक राम सारथी उम्र 20 वर्ष निवासी विनोद पान ठेला के पीछे गली टीवी टॉवर थाना चक्रधर नगर जिला रायगढ़ छ०ग०
(2) प्रभात राय उर्फ सोनू बंगाली पिता शिवाजी राय उम्र 24 वर्ष निवासी पंजरीप्लांट वार्ड नंबर 27 हाल मुकाम टीवी टॉवर छोटे अतरमुड़ा कृष्णा नगर थाना चक्रधर नगर जिला रायगढ़
(3) पिकी सारथी उर्फ पिंकी चौहान उर्फ मनीषा पति शिव सास्थी उम्र 25 वर्ष निवासी विनोद पान ठेला के पीछे गली टीवी टॉवर थाना चक्रधर नगर जिला रायगढ़ छ०ग०
(4) कुश केरकेट्टा पिता दिलीप केरकेट्टा उम्र 28 वर्ष निवासी टीवी टॉवर छोटे अतरमुड़ा कृष्णा नगर थाना चक्रधर नगर जिला रायगढ़

जप्त संपत्ति

₹63,700 नगद, सोने का टॉप्स, पीतल का लोटा, रेंजर साइकिल, चोरी में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल, लोहे की रॉड एवं अन्य सामान सहित करीब ₹2 लाख की मशरूका