20 वर्षों से जर्जर सड़क की समस्या को लेकर 15 ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों ने प्रशासन को सौंपा ज्ञापन।
रायगढ़ लैलूंगा तहसील अंतर्गत केशला-तोलगे मार्ग की जर्जर स्थिति को लेकर क्षेत्रीय ग्रामीणों ने प्रशासनिक स्तर पर अपनी बात रखी है। आदिवासी नेता रवि भगत के साथ 15 ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), लैलूंगा को ज्ञापन सौंपकर सड़क निर्माण का आग्रह किया है।
15 ग्राम पंचायतों का आवागमन प्रभावित
जानकारी के अनुसार, केशला-तोलगे मार्ग बीते 20 वर्षों से अत्यंत खराब स्थिति में है। इस मार्ग से क्षेत्र की लगभग 15 ग्राम पंचायतों के हजारों नागरिक प्रतिदिन आवागमन करते हैं। सड़क की स्थिति खराब होने के कारण क्षेत्र के विद्यार्थियों, किसानों, मजदूरों, व्यापारियों तथा मरीजों को आवाजाही में निरंतर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
31 जुलाई तक कार्य प्रारंभ करने का आग्रह
रवि भगत और ग्रामीणों के अनुसार, सड़क निर्माण की मांग को लेकर क्षेत्र में लंबे समय से जनसंपर्क और जनजागरण अभियान चलाया जा रहा है। ज्ञापन के माध्यम से शासन-प्रशासन से आग्रह किया गया है कि यदि 31 जुलाई 2026 तक सड़क निर्माण का कार्य प्रारंभ नहीं होता है, तो क्षेत्र के नागरिक अपनी मांग को लेकर आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
1 अगस्त को चक्का जाम का कार्यक्रम तय
प्रशासन को दी गई सूचना के अनुसार, मांग पूरी न होने की स्थिति में 1 अगस्त 2026 को प्रातः 10:30 बजे से घरघोड़ा-लैलूंगा मुख्य मार्ग स्थित केशला मोड़ (हाई स्कूल के पास) में चक्का जाम आंदोलन किया जाएगा।




