Skip to content

T20 World Cup 2026: तिलक वर्मा की तूफानी वापसी, वॉर्म-अप मैच में ठोके 38 रन; प्लेइंग इलेवन की बढ़ी टेंशन

1001508779 T20 World Cup 2026: तिलक वर्मा की तूफानी वापसी, वॉर्म-अप मैच में ठोके 38 रन; प्लेइंग इलेवन की बढ़ी टेंशन

स्टार भारतीय बल्लेबाज़ तिलक वर्मा ने चोट से उबरने के बाद आखिरकार क्रिकेट मैदान पर जोरदार वापसी कर ली है। उन्होंने सोमवार, 2 फरवरी को T20 विश्व कप 2026 के वॉर्म-अप मैच में भारत ए की ओर से अमेरिका के खिलाफ खेलते हुए प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में कदम रखा। पेट की चोट की सर्जरी के बाद तिलक पिछले कई हफ्तों से बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिहैबिलिटेशन से गुजर रहे थे और अब वे पूरी तरह फिट नजर आ रहे हैं।

बाएं हाथ के इस बल्लेबाज़ ने नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्पोर्ट्स अकादमी में खेले गए वॉर्म-अप मुकाबले में महज 24 गेंदों पर शानदार 38 रनों की प्रभावशाली पारी खेली। तिलक की इस पारी में तीन चौके और दो गगनचुंबी छक्के शामिल थे। मैच के दौरान वे पूरी तरह फिट और लय में नजर आए। तिलक चौथे ओवर के बाद बल्लेबाज़ी के लिए उतरे और शुरुआत में संभलकर खेलते हुए खुद को सेट किया, जिसके बाद उन्होंने मैदान के चारों ओर आकर्षक शॉट्स लगाए। पूरी पारी के दौरान उन्होंने किसी भी तरह की असहजता नहीं दिखाई, जिससे 7 फरवरी को अमेरिका के खिलाफ होने वाले भारत के पहले विश्व कप मैच के लिए उनकी दावेदारी मजबूत हो गई है।

​तिलक की इस सफल वापसी ने टीम मैनेजमेंट के सामने चयन को लेकर बड़ी दुविधा खड़ी कर दी है। यदि तिलक प्लेइंग इलेवन में शामिल होते हैं, तो संजू सैमसन और ईशान किशन में से किसी एक को बाहर बैठना पड़ सकता है। ईशान किशन के मौजूदा फॉर्म को देखते हुए उनके अभिषेक शर्मा के साथ ओपनिंग करने की उम्मीद जताई जा रही है, ऐसी स्थिति में संजू सैमसन के बाहर बैठने की संभावना अधिक नजर आ रही है। भारतीय टीम अपना अगला वॉर्म-अप मुकाबला 4 फरवरी को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ इसी मैदान पर खेलेगी।