जगदलपुर। बस्तर जिले के परपा थाना क्षेत्र अंतर्गत मंगलवार शाम एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यहाँ देऊरगांव के पास एक अनियंत्रित तेज रफ्तार बोलेरो ने टैक्सी को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि टैक्सी के साथ-साथ एक बाइक सवार भी इसकी चपेट में आ गया। दुर्घटना में महिला, बच्चों और बुजुर्गों सहित कुल 9 लोग घायल हुए हैं।
अस्पताल में घायलों का उपचार जारी
हादसे के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। वहां मौजूद स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को वाहनों से बाहर निकाला। सभी को प्राथमिक उपचार के बाद तुरंत मेडिकल कॉलेज अस्पताल, जगदलपुर ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है। चश्मदीदों के मुताबिक, बोलेरो की स्पीड इतनी अधिक थी कि ड्राइवर उस पर काबू नहीं रख पाया और पीछे से टैक्सी को ठोक दिया।
आक्रोशित ग्रामीणों ने की चालक की धुनाई
लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं से क्षेत्र के ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा गया। हादसे के बाद भीड़ ने बोलेरो चालक को पकड़ लिया और जमकर उसकी पिटाई कर दी। हालांकि, मौके पर मची अफरा-तफरी का फायदा उठाकर चालक वहां से भाग निकलने में कामयाब रहा।
पुलिस जांच और सुरक्षा की मांग
घटना की सूचना मिलते ही परपा थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुँची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार बोलेरो चालक की तलाश शुरू कर दी है। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मार्ग पर पुलिस की गश्त बढ़ाई जाए और ओवरस्पीडिंग करने वाले वाहनों पर सख्त कार्रवाई की जाए।



