Skip to content

एकतरफा प्यार का अंजाम: मंदिर से लौट रही महिला पर कटर से हमला, ICU में भर्ती

1001560665 एकतरफा प्यार का अंजाम: मंदिर से लौट रही महिला पर कटर से हमला, ICU में भर्ती

दुर्ग। जिले में एकतरफा प्रेम से जुड़ा एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। युवती का लगातार पीछा कर रहे एक सनकी युवक ने उस पर कटर से हमला कर दिया। वारदात में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। हालत नाजुक होने के कारण उसे ICU में भर्ती किया गया है।


डॉक्टरों के मुताबिक, घायल युवती के शरीर पर लगभग 60 टांके लगाए गए हैं। घटना नेवई थाना क्षेत्र की बताई जा रही है, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।

शादी के बाद भी करता रहा पीछा

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पीड़िता की शादी वर्ष 2023 में रायपुर निवासी आशीष नवरंगे से हुई थी। वर्तमान में वह अपने पति के साथ रायपुर में रहती है। महाशिवरात्रि के अवसर पर वह अपने मायके शिवपारा स्टेशन मरोदा, नेवई आई हुई थी। शाम के समय वह बैकुंठधाम मंदिर में पूजा-अर्चना कर घर लौट रही थी। इंदिरा चौक के पास एक गली में पहले से घात लगाए युवक ने उसे रोक लिया और बातचीत करने का दबाव बनाने लगा। युवती द्वारा मना किए जाने पर आरोपी उग्र हो गया। उसने जान से मारने की धमकी देते हुए कटर से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों ने हस्तक्षेप कर युवती को बचाया, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। पीड़िता ने परिजनों को बताया कि यदि वह झुककर खुद को नहीं बचाती, तो आरोपी उसकी हत्या कर सकता था।

शरीर के कई हिस्सों पर गंभीर चोट

हमले में युवती की गर्दन, दाहिने हाथ की कलाई, गाल और पसलियों के पास गंभीर घाव आए हैं। परिजनों के अनुसार उसके शरीर पर लगभग 60 टांके लगाए गए हैं। अत्यधिक रक्तस्राव और गहरी चोटों के कारण उसे ICU में भर्ती कर निगरानी में रखा गया है।

छह साल से कर रहा था परेशान

पीड़िता के परिजनों ने बताया कि आरोपी पिछले करीब छह वर्षों से एकतरफा प्रेम में युवती को परेशान कर रहा था। वर्ष 2020 से वह लगातार उसका पीछा कर रहा था। कॉलेज के दिनों से ही वह बातचीत के लिए दबाव बनाता था। शादी के बाद भी आरोपी का व्यवहार नहीं बदला। जब-जब युवती मायके आती, वह फिर से उसका पीछा शुरू कर देता। परिजनों का आरोप है कि आरोपी ने पूर्व में युवती के पिता और भाई को भी जान से मारने की धमकी दी थी। आरोपी का घर पीड़िता के घर से महज 500 मीटर की दूरी पर बताया जा रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही नेवई थाना पुलिस ने आरोपी युवक योगेंद्र कुमार यादव के खिलाफ अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है और मामले में आगे की कार्रवाई में जुट गई है। यह घटना एकतरफा प्रेम के नाम पर बढ़ती आपराधिक मानसिकता को उजागर करती है, जिसने एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था और सामाजिक जिम्मेदारी पर सवाल खड़े कर दिए हैं।